3 जनवरी 2021 - 18:22
इस्राईली इतिहास की सबसे बड़ी चोरी, हथियार डिपो से हज़ारों की संख्या में हथियार ग़ायब, इस्राईली सैनिकों के बिल्ले उतरवाकर उन्हें आग में जला दिया गया

चोर इस्राईली सैनिकों के हथियारों को उठा ले गये या इस्राईली सैनिकों ने चोर का रूप धारण करके ...

इस्राईल के एक शस्त्रागार में बहुत बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। समाचार एजेन्सी तसनीम ने इस्राईली समाचार पत्र यदीऊत अहारानूत के हवाले से रिपोर्ट दी है कि इस समाचार पत्र ने रहस्योद्घाटन किया है कि इस्राईली सेना ने अपनी छावनियों व शस्त्रागारों की सुरक्षा के लिए करोड़ों डॉलर ख़र्च किया है परंतु चोर एक शस्त्रागार में दाख़िल होने में सफल हो गये और भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद उठा ले जाने में सफल हो गये।

समाचार पत्र यदीऊत अहारानूत की वेबसाइट ने लिखा है कि इस संबंध में की जाने वाली आरंभिक जांच इस बात की सूचक है कि यह इस्राईली अतिग्रहण के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी है जिसमें 93 हज़ार गोलों की चोरी कर ली गयी है। इस समाचार पत्र की वेबसाइट के अनुसार दक्षिणी फिलिस्तीनी में इस्राईली सेना के एक प्रशिक्षण केन्द्र से यह चोरी की गयी। यह बात ऐसी स्थिति में सामने आ रही है जब इससे पहले इस्राईली शस्त्रागारों से हथियारों की चोरी हो चुकी है। इस इस्राईली समाचार ने इस बात की भी आशंका व्यक्त की है कि विदित रूप से चोर कुछ इस्राईली सुरक्षा बलों की सहायता से शस्त्रागार में दाखिल होने और कुछ मिनटों के अंदर हथियारों और गोला बारूद की  सैकड़ों पेटियों को ट्रक पर लाद कर भागने में सफल हो गये।

इस्राईली समाचार पत्र यदीऊत अहारानूत ने रिपोर्ट दी है कि अभी तक इस संबंध में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है और इससे प्रतीत यह हो रहा है कि शस्त्रागार के अंदर के कुछ इस्राईली सुरक्षा बल भी चोरों से मिले हुए हैं। इस्राईल के कुछ पुलिस सूत्रों ने समाचार पत्र अहारानूत को बताया है कि चिंता इस बात की है कि कहीं यह हथियार फ़िलिस्तीनी गुटों के हाथों में न पहुंच जायें। इस्राईली सेना के प्रवक्ता ने इस बड़ी चोरी की प्रतिक्रिया में कहा है कि इस चोरी का पता हमें पिछले सप्ताह ही चल गया था और इस समय हम इसके बारे में छानबीन और जांच- पड़ताल कर रहे हैं।

रोचक बात यह है कि हथियारों की चोरी होने की वजह से इस्राईल के दसियों सुरक्षा बलों को सेना से निकाल दिया गया और उन पर मुकद्दमा भी चलाया गया। टीकाकारों का मानना है कि इस्राईली सुरक्षा बलों द्वारा हथियारों की बिक्री का एक महत्वपूर्ण कारण मादक पदार्थों का सेवन है क्योंकि इस्राईल सैनिक व सुरक्षा बल अब तक दसियों बार अपने हथियारों को बेच चुके हैं।

समाचार पत्र यदीऊत अहारानूत ने एक अन्य रिपोर्ट में लिखा है कि शनिवार को इस्राईली सुरक्षा बलों के एक केन्द्र के अंदर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए थे जिसकी वजह से इन सुरक्षा बलों का बिल्ला उतरवाने के बाद उसे आग में जला दिया गया। समाचार पत्र यदीऊत अहारानूत के अनुसार जायोनी सैनिकों में मादक पदार्थों का सेवन विषम रूप धारण कर चुका है।